बुलंदशहर में बस-ट्रैक्टर भिड़ंत…श्रद्धालुओं ने पुलिस पर किया पथराव, लाठीचार्ज
बुलंदशहर के थाना छतारी क्षेत्र में कल्याण सिंह चौक (छतारी दोराहा) पर गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे हड़कंप मच गया। गणेश विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं और एक बस चालक के बीच मामूली टक्कर हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
श्रद्धालुओं ने बस चालक से मारपीट की और बाद में थाना परिसर में पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया। जिसके बाद शुक्रवार सुबह पुलिस ने मामले में करीब 36 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिनमें से 11 नामजद हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए अनूपशहर जा रहे थे श्रद्धालु
अलीगढ़ जिले के थाना मडराक क्षेत्र के गांव मई से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए अनूपशहर जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली छतारी दोराहे पर पहुंची, अतरौली जा रही एक बस से उसकी पीछे से भिड़ंत हो गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रॉली में सवार लोग गुस्से में आ गए और बस चालक अनिल कुमार को घेरकर उनके साथ जमकर मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराकर दोनों पक्षों को थाने ले आई। हालांकि, थाने पहुंचते ही आक्रोशित श्रद्धालुओं की पुलिसकर्मियों से काफी बहस होने लगी। वहीं पुलिस के द्वारा श्रद्धालुओं से हाथापाई करने पर बात इतनी बढ़ गई कि आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर ही पत्थरों से हमला कर दिया। वहीं मामले में श्रद्धालु महिलाओं के कपड़े भी फट गए। इस पथराव में पुलिसकर्मियों की थाना परिसर में पुलिसकर्मियों की खड़ी निजी गाड़ियों के शीशे टूट गए। भीड़ के हिंसक रूप को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाई। हालात संभालने के लिए पुलिस बल ने श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज कर दिया और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ा। लाठीचार्ज के बाद ही परिसर में भगदड़ मच गई और आक्रोशित लोग शांत हुए, जिसके बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो सकी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बस चालक अनिल कुमार की शिकायत पर 11 नामजद लोगों और 20-25 अज्ञात महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। नामजद लोगों में मुरारीलाल, श्याम, प्रकाश चंद्र, सागर, मोहित, आशू, संजू, मिथलेश, गीता, बबीता और सुनीता शामिल हैं।
इस मामले एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया, “बस चालक की शिकायत पर 11 नामजद और 20-25 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।”

