यूपी के 32 जिलों में लू की चेतावनी, पारा 44°C
यूपी भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। आज यानि गुरुवार को 32 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट है। सुबह से तेज धूप निकली है। उमस का एहसास हो रहा है। तेज हवा चल रही है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आज से 3 दिन यानी 25 अप्रैल तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पारा 45°C के पार पहुंच सकता है।
हालांकि, 26 अप्रैल से मौसम एक बार फिर बदलेगा। पश्चिमी यूपी से आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर शुरू होगा। जो धीरे-धीरे पूरे प्रदेश को अपनी जद में ले लेगा। ऐसे में 28 अप्रैल तक पूरे यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, 29 अप्रैल से गर्मी फिर से अपने सख्त तेवर दिखाएगी।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के 30 जिलों का पारा 40°C या इससे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। बांदा सबसे गर्म रहा। यहां दिन में पारा 43.8°C पहुंच गया। न्यूनतम तापमान के मामले में बिजनौर को छोड़कर सभी जिलों में पारा 20°C से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ जू में जानवरों के लिए बर्फ की सिल्ली, साफ पानी और कूलर के इंतजाम किए गए हैं। बाड़ों को ठंडा रखने के लिए 48 स्प्रिंकलर (फव्वारे) लगाए गए हैं। गोरिल्ला को तरबूज-ककड़ी खिलाया जा रहा है। वाराणसी के सारनाथ में मिनी जू में हिरण और बारहसिंगा को खरबूजा-खीरा खिलाया जा रहा है। पक्षियों की डाइट बदल दी गई है। कानपुर में बाघ के लिए ORS के इंतजाम किए गए हैं।

