News

खुर्जा : मोमबत्ती कारखाने में भीषण आग, रिहायाशी इलाके में चल रही फैक्ट्री

खुर्जा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक मोमबत्ती कारखाने में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कबूतर वाली पेठ में बिलाल मस्जिद के निकट स्थित कारखाने से आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार उठता देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। अज्ञात कारणों से कारखाने के गोदाम में आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। बताया जा रहा है कि हाजी नवीन के स्वामित्व वाला यह कारखाना पिछले करीब तीन वर्षों से मोमबत्ती निर्माण का कार्य कर रहा था। गोदाम में बड़ी मात्रा में मोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कारखाना घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में स्थित होने के कारण आग का असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा। आग की तेज लपटों और अत्यधिक गर्मी से कारखाने तथा उससे सटे मकान की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई खिड़कियों के शीशे भी गर्मी के कारण टूटकर गिर गए, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया, जबकि फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाने का प्रयास करती रहीं। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।

नुकसान का आकलन जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *