Dailynews

पुलिस के डर से 8वीं मंजिल से गिरा वकील, जबरन बैनामा कराने के मामले में दबिश देने पहुंची थी पुलिस

Share News
5 / 100

आगरा पुलिस के डर से 8वीं मंजिल से गिरकर वकील की मौत हो गई। बंधक बनाकर बैनामा कराने के मामले में पुलिस की टीम मंगलम आधार अपार्टमेंट में शुक्रवार रात दबिश देने पहुंची थी।

पुलिस को देखते ही वकील सुनील शर्मा डर गया और हड़बड़ाहट में बिल्डिंग की 8वीं मंजिल से गिर गया। वकील के गिरने का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

इस मामले में पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी। वकील के घर में होने की सूचना के बाद पुलिस टीम शुक्रवार रात दबिश देने पहुंची थी।

वकील सुनील शर्मा अपनी पत्नी के साथ मंगलम आधार अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर- 801 में करीब एक महीने से रह रहा था। 1 मार्च की रात करीब 11 बजे एक गाड़ी में 6-7 पुलिसकर्मी अपार्टमेंट पहुंचे। इसमें 3 दरोगा के साथ एक महिला पुलिसकर्मी और सादी वर्दी में अन्य पुलिसकर्मी थे।

पुलिस वाले सीढ़ियों से फ्लैट की ओर जा रहे थे, तभी किसी के नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी। जिसके बाद पुलिसकर्मी गाड़ी में बैठकर वापस जाने लगे। मगर, अपार्टमेंट के लोगों ने पुलिस को रोक लिया। इसके बाद पुलिस वाले घायल सुनील को अपनी गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वकील की मौत के बाद शनिवार को अन्य वकीलों ने कचहरी में पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

वकील की मौत की जानकारी पर उनकी पत्नी सुनीता शर्मा रात में एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंच गई। सुनील शर्मा की पत्नी सुनीता शर्मा ने बताया कि वह दवा खाकर सो रही थी। रात में करीब सवा 11 बजे दरवाजा पीटने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। तब तक पुलिस वाले दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए थे। वह घर में तलाशी ले रहे थे।

इस दौरान उनके पति सुनील शर्मा वहां नहीं दिखे। वह उन्हें ढूंढने लगी। तभी गार्ड ने सूचना दी कि वह नीचे गिरे हुए हैं। सुनीता ने कहा कि उनके पति की जान पुलिस की वजह से गई है। मैं पुलिस वालों को किसी भी सूरत में छोडूंगी नहीं।

वकील सुनील शर्मा की मौत के बाद कचहरी में कुछ वकीलों ने हंगामा किया। पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिसको पुलिस ने रुकवा लिया। वकीलों ने कहा कि पुलिस की लापरवाही से वकील की मौत हो गई है। दबिश देने पहुंचे पुलिस वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

  • इस मामले में डीसीपी सिटी सूरज राय का कहना है कि पुलिस दबिश देने गई थी। माना जा रहा है कि अधिवक्ता पुलिस से बचने के लिए फ्लैट नंबर- 802 में छिपने जा रहे होंगे। इसी दौरान गिरने से उनकी मौत हो गई। अपार्टमेंट के CCTV फुटेज देखे जा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *