Dailynews

दो बार से है सांसद : गौतमबुद्ध नगर से उतरेंगे डॉक्टर महेश शर्मा

Share News
4 / 100

गौतमबुद्ध नगर, लोकसभा सीट पर एक बार फिर से भाजपा के शीर्ष नेताओं ने वर्तमान सांसद डॉ. महेश शर्मा पर भरोसा जताया है। उनको लोकसभा 2024 के लिए गौतमबुद्ध नगर से प्रत्याशी बनाया गया है। डॉक्टर शर्मा 2019 और 2014 में भी लोक सभा से जीतकर सांसद रह चुके है। हालांकि 2009 में बसपा के सुरेंद्र सिंह नागर ने डॉक्टर महेश शर्मा को हराया था। सुरेंद्र सिंह नागर वर्तमान में राज्य सभा सांसद है।

गौतमबुद्ध नगर में भाजपा से टिकट लेने के लिए कई उम्मीदवार लाइन में थे। इसमें सबसे पहले आईएएस बीएन सिंह का नाम आ रहा था। भाजपा में कई शीर्ष नेताओं से उनके संपर्क थे। वो दो साल से ही नोएडा , ग्रेटरनोएडा में अपना प्रचार कर रहे थे। हालांकि भाजपा महानगर अध्यक्ष की ओर से सीएम को उनकी शिकायत भी की गई थी। वहीं भाजपा प्रवक्ता कृष्ण गोपाल अग्रवाल ने भी नोएडा में अपनी गतिविधि बढ़ा दी थी। इसके अलावा पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर और कई नेताओं के नाम सामने आ रहे थे।

इन सभी को दरकिनार करते हुए डॉक्टर महेश शर्मा पर पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है। वो बीते कई दिनों से शीर्ष नेताओं के टच में थे। साथ ही नोएडा में किसान आंदोलन और बिल्डर बायर्स मुद्दों पर भी किसानों और बायर्स ने उनका कई बार घेराव किया। हालांकि उनके कार्यकाल में रहते हुए दोनों समस्याओं का हल निकलता दिख रहा है। एक तरफ रजिस्ट्री शुरू हो गई है। वहीं किसानों की समस्याओं के लिए हाई पावर कमेटी बना दी गई है। इसके अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी डॉक्टर महेश की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।

  • 2019 लोकसभा चुनाव में बीजेपी से डॉक्टर महेश को 830812 वोट मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंदी बसपा से सतवीर को 4,93,890 वोट मिले थे।
  • 2014 लोकसभा चुनाव में बीजेपी से डॉक्टर महेश को 599702 वोट मिले और दूसरे स्थान पर सपा के नरेंद्र भाटी को 319490 वोट मिले।
  • 2009 में बीजेपी से डॉक्टर महेश को हार का सामना करना पड़ा उनको 229709 और बसपा से सुरेंद्र सिंह नागर को 245613 वोट मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *