मध्य प्रदेश : मुरैना में हुए ट्रेन हादसे में यूपी के 4 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के मुरैना में हुए ट्रेन हादसे में यूपी के 4 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मां-बेटे भी शामिल हैं। मोबाइल ब्लास्ट से आग लगने की अफवाह के बाद उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से कुछ यात्री घबराकर नीचे उतर गए। इसी दौरान 4 यात्री दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में मेरठ की रहने वाली कंचन सिंह (25) पत्नी मोहित सिंह, आगरा के रुनकता निवासी शकुंतला सिंह (60) पत्नी भूरा सिंह, आगरा निवासी आफरीन (35) पत्नी नदीम और असद (4) पुत्र नदीम खान की मौत हुई है। आफरीन और असद मां-बेटे थे।
रेलवे मैनेजमेंट के अनुसार, हादसा उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर हुआ। गाड़ी संख्या- 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार करीब 4:15 बजे हेतमपुर और धौलपुर स्टेशन के बीच चेन पुलिंग के कारण बीच सेक्शन में रुक गई थी। रेलवे के अनुसार, कोच में अलार्म चेन पुलिंग (ACP) की गई थी। इस कारण ट्रेन बीच सेक्शन में रुक गई। इसी दौरान ट्रेन के एक कोच में मोबाइल ब्लास्ट जैसी अफवाह फैल गई। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्रियों ने जल्दबाजी में ट्रेन से उतरना शुरू कर दिया।
उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरे कुछ यात्री पास की अप-लाइन पर पहुंच गए। इसी दौरान गाड़ी संख्या- 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से तेज रफ्तार में गुजर रही थी। ट्रैक पर मौजूद 4 यात्री उसकी चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बागेश्वर धाम से लौट रही यात्री पूजा के अनुसार, कोच में मोबाइल ब्लास्ट की अफवाह फैलते ही अफरा-तफरी मच गई। चेन पुलिंग के बाद ट्रेन रुकते ही यात्री घबराकर नीचे उतर गए और ट्रैक की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही RPF, GRP और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
मुरैना एसपी धर्मराज मीणा ने बताया- हमारी टीम सराय छोला और सिविल लाइन क्षेत्र में रेत भंडारण पर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान एक चरवाहे ग्रामीण से सूचना मिली कि ट्रेन रुकी हुई है और कोई घटना हुई है। सूचना मिलते ही दोनों पुलिस टीमें मौके के लिए रवाना की गईं।
यह घटना धौलपुर और मुरैना सीमा क्षेत्र में हुई है। सभी शवों को कब्जे में ले लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। मृतकों के परिजन को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है।

