TET Paper Leak 2026: 1.5 करोड़ में TET पेपर बेचने की थी डील!
Maharashtra TET Paper Leak 2026: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले की जांच अब केवल एक राज्य तक सीमित नहीं रह गई है. इस मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं और जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र बेचने के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की डील तय की गई थी. अब तक कई आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं जबकि कुछ प्रमुख आरोपी अभी भी फरार हैं. जांच एजेंसियों को शक है कि इस पूरे नेटवर्क के तार बिहार, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों तक फैले हुए हैं.
भिवंडी पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता
मुंबई के पास भिवंडी पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के पटना निवासी राजीव श्रीप्रयाग साव,आकाश कुमार स्वराज कुमार और हरियाणा के पानीपत निवासी धीरज बलराज सिंह शामिल हैं.पुलिस के अनुसार ये तीनों आरोपी प्रश्नपत्रों की खरीद-फरोख्त और पूरे नेटवर्क को संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे. इनसे पूछताछ के बाद कई नई जानकारियां सामने आई हैं जिनके आधार पर पुलिस अब दूसरे राज्यों में भी कार्रवाई कर रही है.
जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि TET परीक्षा के प्रश्नपत्र बेचने के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये का सौदा तय किया गया था. पुलिस का मानना है कि यदि समय रहते इस गिरोह का पर्दाफाश नहीं होता तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों तक पेपर पहुंच सकता था.पूछताछ के दौरान मिले इनपुट और बरामद दस्तावेजों के आधार पर पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रकम का लेन-देन किन लोगों के बीच होना था और इसमें कितने लोग शामिल थे.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए हैं इनमें TET परीक्षा के चार अलग-अलग प्रश्नपत्र सेट, मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, भारत और नेपाल की मुद्रा, नकदी, बैंक चेक, प्रेस आईडी कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और लोक जनशक्ति पार्टी का कार्ड शामिल है.इन दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क की परतें खोली जा सकें.

