Crime News

फोटो खींचने को लेकर  दूल्हे और उसके भाई को घरातियों ने पीटा

कौशांबी में शादी समारोह के दौरान हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला कड़ा धाम थाना क्षेत्र के अम्बाई गांव का है, जहां जयमाला कार्यक्रम के दौरान बाराती और घराती पक्ष आपस में भिड़ गए।

जानकारी के अनुसार, 13 मई की रात दारानगर ज्वाला देवी से मोनू पुत्र राम प्रकाश सरोज की बारात अम्बाई गांव स्थित जंगा सरोज के घर पहुंची थी। द्वारचार की रस्में पूरी होने के बाद जयमाला कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान फोटो खींचने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। शादी समारोह में लात-घूंसे चले और कुर्सियां तक फेंकी गईं। मारपीट में दूल्हा मोनू, उसका भाई अमित, रिश्तेदार अशोक समेत बारात में शामिल दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष के एक रिश्तेदार ने रात करीब 2:30 बजे डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद रात में ही आनन-फानन में शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

घटना का वीडियो गुरुवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। कड़ा धाम थाना प्रभारी विनीत सिंह ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *