यूपी में तूफान-बारिश, मां-बेटे समेत 55 की मौत
यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। मथुरा, उन्नाव और प्रयागराज में तेज आंधी और बारिश के साथ ओले गिरे। कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए और टीन शेड उड़ गए। बरेली और बदायूं में तेज आंधी के कारण कई साइन बोर्ड गिर पड़े। प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, बांदा, सोनभद्र और भदोही में हवा की रफ्तार करीब 70-80 Km थी।
प्रदेशभर में आंधी, बारिश और तूफान से 55 लोगों की मौत हो गई। प्रयागराज में सबसे ज्यादा 17 और भदोही में 16 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद बदायूं और फतेहपुर में 5-5 मौतें हुईं। प्रतापगढ़ में 4 लोगों की मौत हो गई। कानपुर देहात में बिजली गिरने से 33 बकरियों की मौत हो गई।
गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा, मेरठ, गोरखपुर सहित करीब 30 जिलों में बारिश हुई। वहीं, पिछले 24 घंटे में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
सीएम योगी ने बारिश, आंधी और बिजली से हुए नुकसान का संज्ञान लिया है। उन्होंने पीड़ितों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। राहत कार्य 24 घंटे में पूरा करने को कहा है।अधिकारियों को मौके पर जाकर मदद देने के निर्देश दिए गए हैं।
- 14 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। बिजली गिरने की भी संभावना है। 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
- 15 मई: पूरे प्रदेश में तेज धूप निकलेगी। आसमान साफ रहेगा। पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
- 16 मई: आसमान साफ रहेगा और तेज धूप से गर्मी बढ़ेगी। रात में भी गर्मी का एहसास होगा।
- 17 मई: पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
सीएम योगी ने 24 घंटे में मुआवजा देने का दिया आदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान पर संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने कहा है कि राहत कार्य 24 घंटे के भीतर पूरा किया जाए और पीड़ितों तक तुरंत मदद पहुंचाई जाए।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने और हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है। उन्होंने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को नुकसान का सर्वे करने और उसकी रिपोर्ट जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। सर्वे पूरा होने के बाद प्रभावित लोगों को तुरंत मुआवजा देने को कहा गया है।प्रयागराज में बुधवार शाम आए तेज आंधी, तूफान और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अलग-अलग हादसों में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए।
हंडिया में 7, फूलपुर में 4, सोरांव में 3 और मेजा में 2 लोगों की जान चली गई। कई जगह पेड़ गिरने, मकान ढहने और अन्य हादसों के कारण जनहानि और नुकसान की खबरें सामने आई हैं।

