नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में पानी भरने वाला वीडियो फर्जी AI Generated निकला
ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर सोशल मीडिया पर कथित गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने के मामले में FIR दर्ज हुई है. जेवर पुलिस ने ‘सच बोलो’ नाम के फेसबुक अकाउंट के खिलाफ केस दर्ज किया है. आरोप है कि इस अकाउंट से एयरपोर्ट पर जलभराव दिखाने वाला एक AI वीडियो शेयर किया गया था.
शिकायत के मुताबिक, यह वीडियो 14 अगस्त 2026 को फेसबुक पर अपलोड किया गया था. वीडियो में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की मौजूदा स्थिति को कथित तौर पर गलत तरीके से दिखाया गया. एयरपोर्ट प्रबंधन ने वीडियो को गलत और भ्रामक बताया है.
शिकायत में कहा गया है कि वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. इससे एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों और आम लोगों के बीच भ्रम पैदा हो सकता है. साथ ही, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की छवि पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है शिकायतकर्ता ने पुलिस को कथित भ्रामक पोस्ट के स्क्रीनशॉट और सोशल मीडिया लिंक भी उपलब्ध कराए हैं. पुलिस से ‘सच बोलो’ फेसबुक अकाउंट और उससे शेयर की गई जानकारी की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वीडियो कब और कैसे बनाया गया, इसे किसने सोशल मीडिया पर अपलोड किया और इसमें किसी तरह की छेड़छाड़ हुई है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. हालांकि, वीडियो में दिखाई गई जानकारी वास्तव में गलत है या उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ की गई है, इसका अंतिम फैसला पुलिस की जांच के बाद ही होगा.

