UP : बेटी को मुर्गा बनाया तो पिता ने प्रिंसिपल को पीटा, थप्पड मारे
गोरखपुर में प्रिंसिपल ने देरी से स्कूल पहुंचने पर कक्षा-6 की छात्रा को मुर्गा बना दिया। इसका पता चलते ही पिता भड़क गया। आरोप है कि स्कूल में घुसकर उसने प्रिंसिपल को थप्पड़ मारे, शर्ट फाड़ दी और दोबारा ऐसा करने पर गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी।
स्कूल के टीचर्स ने किसी तरह प्रिंसिपल को छुड़ाया। घटना 1 सितंबर को जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर पूर्व माध्यमिक विद्यालय में हुई। मामला तब सामने आया, जब 3 सितंबर को प्रिंसिपल ने पिता के खिलाफ स्कूल में तोड़फोड़ और मारपीट का केस दर्ज कराया। गोला क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे के प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार (56) ने तहरीर में बताया कि 1 सितंबर की सुबह कक्षा-6 की छात्रा स्कूल देर से पहुंची थी। छात्रा अनुशासन में रहे, इसलिए उसे कुछ देर के लिए मुर्गा बनाया गया था।
शाम को स्कूल की छुट्टी होने के बाद छात्रा घर गई और पिता दिलीप कुमार को यह बात बता दी। हमारे स्कूल से निकलने से पहले ही वह स्कूल आ गया। उसने मुझसे बेटी को सजा देने का कारण पूछा तो मैंने बताया। इसके बाद वह कहासुनी करने लगा।
मैंने दिलीप को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह मारपीट करने लगा। उसने स्कूल के स्टाफ के सामने मुझे पीटा। स्कूल में तोड़फोड़ कर सरकारी सामान को नुकसान पहुंचाया। साथी टीचर्स ने मुझे बचाया और आरोपी को समझाकर मामला शांत कराया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रिंसिपल ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी भविष्य में भी उनके साथ इस तरह की घटना कर सकता है। दिलीप कुमार पेंट-पॉलिश का काम करता है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वह स्कूल में ठेका लेने गया था, तब भी विवाद हुआ था। गोला थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

