यूपी के 33 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, दोपहर में घर से न निकलें
यूपी में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बुंदेलखंड समेत प्रदेश के कई जिले भीषण लू की चपेट में हैं। सोमवार को सभी जिलों में लोगों का तेज धूप की वजह से हाल बेहाल है। लू जैसी हवाएं चल रही हैं। सड़कों पर लोग छाते और गमछे से खुद को धूप से बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने आज 33 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।
IMD का कहना है कि लोग अलर्ट रहें। दोपहर के वक्त घर से बाहर न निकलें। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का खास ख्याल रखें। अधिक से अधिक पानी पीएं और हल्के सूती कपड़े पहनें। सीएम योगी ने भी सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को सक्रिय रखने को कहा।
सीएम ने अफसरों को फील्ड में उतरने और संवेदनशील जिलों पर विशेष निगरानी रखने, राहत-बचाव की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा है। सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी की व्यवस्था और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो बांदा देश में सबसे गर्म रहा। यहां पारा 46.4°C रिकॉर्ड किया गया। देश के 24 सबसे गर्म शहरों में यूपी के 4 जिले शामिल रहे। इसमें बांदा के अलावा झांसी (44.6°C), प्रयागराज (44.5°C) और हमीरपुर (44.2°C) शामिल हैं। कानपुर में सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। प्रयागराज में अस्तबल में कूलर लगाए गए। गोरखपुर चिड़ियाघर में हाथी को बार-बार नहलाया गया।
- 19 मई: कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। दोपहर में लू चल सकती है।
- 20 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
- 21 मई: पूर्वांचल के उत्तर पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी यूपी में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रहेगा।
- 22 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। लू चलेगी। पूर्वी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है।
- 23 मई: पश्चिमी यूपी में तेज धूप निकलेगी। लू परेशानी बढ़ाएगी। पूर्वांचल में बारिश की संभावना है।

