Dailynews

हिमाचल : टाटा सूमो पर भीषण लैंडस्लाइड, 10 लोगों की मौत की आशंका

शिमला. हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति के पांगी-उदयपुर मार्ग पर बड़ा हादसा हुआ है. यहां पर एक टाटा सूमो गाड़ी के ऊपर पहाड़ गिरा है और 10 के करीब लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है. लाहौल स्पीति पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है. फिलहाल, लाहौल स्पीति पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई है.

जानकारी के अनुसार, लाहौल घाटी से करीब 60-70 किमी दूर कुडूनाला के पास यह घटना पेश आई है. यहां पर चलती टाटा सूमो पर पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टानें गिर गई. अब तक की अपुष्ट जानकारी के अनुसार टैक्सी में 8-10 लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है. मलबे से एक व्यक्ति को घायल अवस्था में निकाला गया है. हादसे के बाद गाड़ी के पिछले हिस्से में आग भी लग गई. इसका वीडियो भी आया है.

मृतकों की संख्या और पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है और बताया जा रहा है कि सभी मृतक पाँगी घाटी के हैं. भरमौर के विधायक जनक राज ने बताया कि हमने चम्बा और लाहुल स्पीति ज़िलाधीश महोदय से राहत कार्यों में तेज़ी लाने का आग्रह किया है और घटनास्थल के लिए पुलिस और बचाव दल रवाना हुआ है.

बताया जा रहा है कि उदयपुर–किलाड़ मार्ग पिछले दिन बंद होने के कारण वाहन में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे. मार्ग खुलने के बाद वे पांगी की ओर रवाना हुए थे, तभी कडू नाला के पास यह हादसा हो गया. गौर रहे कि शुक्रवार सुबह मंडी जिले के जोगिंद्रनगर के गुम्मा में भी दो परिवारों पर लैंडस्लाइड हो गया था. कुल्लू का यह परिवार सिमसा माता मंदिर जा रहा था और रास्ते में हादसा हो गया, जिसमें महिला की मौत और सात लोग घायल हुए थे.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *