Dailynews

UPPSC का बड़ा ऐलान, अब हर परीक्षा कक्ष में लगेगा जैमर, आधार से जुड़ेगा OTR

UPPSC Exam New Rules: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने अपनी भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. अब आयोग की हर परीक्षा में प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सिग्नल जैमर लगाए जाएंगे ताकि मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल या बाहरी संपर्क की कोई संभावना न रहे. इसके साथ ही अभ्यर्थियों के वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) को आधार से जोड़ने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है. आयोग का कहना है कि इन बदलावों से फर्जी अभ्यर्थियों पर रोक लगेगी और पूरी चयन प्रक्रिया पहले से ज्यादा निष्पक्ष बनेगी.

हर परीक्षा कक्ष में लगेगा सिग्नल जैमर

UPPSC सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया कि अब तक आयोग की परीक्षाओं में सुरक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर थर्मल स्कैनर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाती थी. अब सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए हर परीक्षा कक्ष में सिग्नल जैमर लगाए जाएंगे.जैमर लगने के बाद परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए किसी भी तरह का संपर्क संभव नहीं होगा. इससे नकल के नए तरीकों पर भी रोक लगाई जा सकेगी और परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित माहौल में कराई जाएगी.

आधार से जुड़ेगा अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन

आयोग ने पहले ही वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की व्यवस्था लागू कर रखी है. अब हरियाणा लोक सेवा आयोग की तर्ज पर इसे आधार से जोड़ने की तैयारी की जा रही है.आधार लिंक होने से अभ्यर्थियों की पहचान की पुष्टि आसान होगी और फर्जी उम्मीदवारों या डमी कैंडिडेट के जरिए परीक्षा देने जैसी गड़बड़ियों पर प्रभावी रोक लग सकेगी. आयोग का मानना है कि इससे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता दोनों बढ़ेंगी

UPPSC अब आवेदन पत्रों की जांच प्रक्रिया को भी पूरी तरह डिजिटल बनाने जा रहा है. विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के लिए आने वाले आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी ऑनलाइन की जाएगी और अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन भी डिजिटल माध्यम से होगा.इस नई व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया में समय की बचत होगी.मानवीय गलतियों की संभावना कम होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी तथा व्यवस्थित तरीके से पूरी की जा सकेगी. अभ्यर्थियों को भी दस्तावेज सत्यापन में पहले की तुलना में ज्यादा सुविधा मिलेगी.

आयोग ने बताया कि उत्तर प्रदेश चिकित्सा शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1154 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अगले महीने शुरू होने की संभावना है. इन पदों का अधियाचन आयोग को मिल चुका है और विज्ञापन जारी करने की तैयारी चल रही है.UPPSC को इंजीनियरिंग सेवा के तहत सहायक अभियंता (AE) के 111 पदों का अधियाचन भी प्राप्त हुआ है. इसके अलावा कृषि सेवा के अंतर्गत 40 से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी.

कई और भर्तियों के विज्ञापन आने की उम्मीद

आयोग के अनुसार प्रधानाचार्य अधिकारी के 174 पदों पर भर्ती का विज्ञापन इसी महीने जारी किया जा सकता है.इसके अलावा होम्योपैथी विभाग में 65 प्राध्यापक, यूनानी विभाग में 7 प्राध्यापक और आयुर्वेद विभाग में 28 प्राध्यापक पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है.

RO-ARO की भर्ती जल्द

UPPSC को समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) के 80 रिक्त पदों की सूचना भी मिल चुकी है. इसके अलावा खेल निदेशालय में 25 क्रीड़ा अधिकारी और पुलिस विभाग में 43 वैज्ञानिक अधिकारी पदों पर भी जल्द भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा. आयोग का कहना है कि जैमर, आधार आधारित सत्यापन और ऑनलाइन स्क्रूटनी जैसी नई व्यवस्थाओं का उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है. इन बदलावों से न केवल नकल और फर्जी अभ्यर्थियों पर रोक लगेगी, बल्कि भर्ती प्रक्रिया भी पहले से अधिक तेज और भरोसेमंद बन सकेगी.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *