नोएडा : यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती स्लीपर AC बस में आग , 9 जिंदा जले
नोएडा में बुधवार रात यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती स्लीपर AC बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई। इनमें 8 पुरुष और एक महिला है।
बस में कुल 35 यात्री सवार थे। 20 को रेस्क्यू किया गया, जबकि कुछ लोग खिड़कियां तोड़कर निकले। अंदर फंसे लोग बुरी तरह जल गए। उनके शव तक की पहचान नहीं हो पाई है।
हादसे का शिकार हुई बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात 9:30 बजे महोबा के लिए निकली थी। करीब 11:30 बजे जेवर एयरपोर्ट से 500 मीटर इसमें आग लग गई।
पुलिस ने बताया कि बस मध्य प्रदेश के राज कल्पना ट्रैवल्स की है। इसके 19 चालान हो चुके हैं और ₹1.75 लाख जुर्माना लगाया गया है। पुलिस ने ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार किया है।
पैसेंजर बोले- ड्राइवर-क्लीनर सिगरेट पी रहे थे
बस में सवार यात्री सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि ड्राइवर-क्लीनर सिगरेट पी रहे थे। यात्रियों ने विरोध किया तो दोनों हंसने लगे।
बस में जलने की गंध भी आ रही थी, कुछ देर बाद उसमें आग लग गई। आग के बावजूद ड्राइवर ने तुरंत बस नहीं रोकी। यात्रियों के शीशे तोड़ने के बाद ही उसे रोका गया।
शुरुआती जांच में AC में ब्लास्ट से आग लगने की आशंका
नोएडा चीफ फायर ऑफिसर (CFO) प्रदीप कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट से इंजन में आग लगने की आशंका है।
बस का पिछला हिस्सा काटकर पहुंचे फायर फाइटर्स
फायर ऑफिसर ने बताया कि फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और 45 मिनट में आग बुझाई। फायर फाइटर्स बस का पिछला हिस्सा काटकर अंदर पहुंचे। एक-एक शव बाहर निकाला गया। रेस्क्यू करीब 2 घंटे चला।

