प्रेमिका से मिलने गए युवक को पीट-पीटकर मारा
बुलंदशहर में 14 जून को घर से निकला था, 5 नामजद आरोपियों पर FIR
बीबीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, थाना छतारी के गांव रिशालू निवासी कृष्ण ने बताया कि उनका भाई अवधेश 14 जून को घर से निकला था। आरोप है कि बीबीनगर क्षेत्र की एक महिला ने फोन कर अवधेश को बुलाया था।
बाद में उसी महिला ने फोन पर अवधेश के साथ मारपीट होने की सूचना दी। तहरीर में आरोप है कि महिला के परिजनों और अन्य लोगों ने अवधेश को अपने घर में रोक लिया। वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, बिजली का करंट लगाया गया और जहरीला पदार्थ भी खिलाया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। गंभीर हालत में अवधेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई ने बीबीनगर थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सीओ रामकरण सिंह ने जानकारी दी कि मृतक युवक के भाई की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे के साथ मारपीट की गई और उसे जहरीला पदार्थ दिया गया, जिससे उसकी मौत हुई। सीओ ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

