News

लू जैसी गर्म हवा के थपेड़े, 38 डिग्री पार जा सकता है तापमान

लखनऊ में सुबह से तेज धूप निकली हुई है। गर्म हवा के थपेड़े चल रहे हैं। दिनभर मौसम साफ बना रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया जाएगा। दोपहर में पारा अपने अधिकतम स्तर पर पहुंच जाएगा।

सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। अधिकतम आर्द्रता 59 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 15 फीसदी दर्ज की गई है। लखनऊ समेत यूपी में इस साल बारिश कम होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के ताजा दीर्घकालिक पूर्वानुमान के मुताबिक, साल 2026 में उत्तर प्रदेश में मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार कई वैश्विक मौसम कारक बारिश को प्रभावित कर सकते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी गोलार्द्ध और यूरेशिया में सर्दियों व वसंत के दौरान बर्फ का फैलाव सामान्य से थोड़ा कम रहा है। हिंद महासागर में अभी तटस्थ स्थिति है, जो मानसून के अंत तक सकारात्मक रूप ले सकती है। इसके बावजूद प्रशांत महासागर में चल रही कमजोर ला-नीना स्थिति जून तक खत्म होकर तटस्थ हो जाएगी।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इसके बाद मानसून के दौरान अल-नीनो जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका है, जो आमतौर पर भारत में बारिश कम करती हैं। यही वजह है कि मौसम विभाग ने यूपी और लखनऊ में इस बार कुल मानसूनी बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह अनुमान सही साबित होता है तो इसका असर खेती और जल संसाधनों पर पड़ सकता है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *