लखनऊ : अंबेडकर जयंती पर माल्यार्पण को लेकर फायरिंग, चले ईंट-पत्थर
लखनऊ में अंबेडकर जयंती मनाने के दौरान अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए बवाल हो गया। आयोजकों ने अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए भाजपा से नगर पंचायत चेयरमैन रामावती रावत के बेटे रंजीत रावत को बुलाया था।
चेयरमैन का बेटा 4 लग्जरी गाड़ियों से वहां पहुंचा। वहां पहुंचते ही माल्यार्पण कर दिया। लोगों ने इसका विरोध कर दिया। कहा कि पहले बुद्ध प्रार्थना करनी थी, उसके बाद माल्यार्पण करना था।
आरोप है कि आयोजकों की ओर से ही विरोध हो जाने पर चेयरमैन के बेटे के पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। लोगों को गाली दे दी। इसके बाद दोनों तरफ से गाली-गलौज शुरू हो गईं। कुछ देर में मारपीट भी होने लगी। ईंट-पत्थर चले।
सरिया से भी मारपीट की गई। दो राउंड फायरिंग हुई। गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। घायल ग्रामीण जब थाने पहुंचे तो चेयरमैन के बेटे के पक्ष के लोगों ने वहां भी मारने के लिए दौड़ा लिया। मामला बंथरा नगर पंचायत के शिवपुरा स्थित अंबेडकरनगर का है।
रामावती रावत (65) बंथरा नगर पंचायत की चेयरमैन हैं। उनके बेटे रंजीत ही उनका सारा कामकाज देखते हैं। आज रंजीत अंबेडकर जयंती पर नगर पंचायत क्षेत्र के अंबेडकरनगर में आयोजित कार्यक्रम में लोगों के बुलाने पर पहुंचे थे। यहां बवाल हो गया। तीन घायलों की पहचान हुई है। एक पक्ष के करन गौतम (20) और विशाल गौतम (17) चोटिल हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रंजीत रावत के पक्ष से बंथरा स्थित लाला खेड़ा निवासी सरवन (25) के सिर में चोट आई है। मारपीट के बाद एक पक्ष से करन और विशाल बंथरा थाने शिकायत करने पहुंचे। वहां नगर पंचायत चेयरमैन के बेटे रंजीत के पक्ष से भी लोग पहुंच गए। आरोप है कि इन्होंने पहले पक्ष के लोगों को थाने परिसर में ही मारने के लिए दौड़ा लिया। इस पर पुलिस ने करन और विशाल को तुरंत थाना में कार्यालय के अंदर बंद कर दिया।
इस दौरान रंजीत रावत के समर्थकों की धक्का-मुक्की से कार्यालय के दरवाजे का शीशा टूट गया। बंथरा थाने में बवाल की आशंका पर एडीसीपी (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार और एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को थाने में बैठा लिया। इसके बाद पूछताछ कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंबेडकरनगर मोहल्ले में अंबेडकर मूर्ति पर हर जयंती पर कार्यक्रम होता है। यहां करन गौतम, विशाल गौतम, अमरेंद्र चौधरी अंबेडकर जयंती मनाए जाने की व्यवस्था कर रहे थे। तभी 4 लग्जरी गाड़ियों से बंथरा नगर पंचायत अध्यक्ष रामावती का बेटा रंजीत रावत अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचा। वहां पर अंबेडकर स्थल का गेट बंद मिला।
आरोप है कि इन लोगों ने गेट में लात मारकर गेट खोला और अंदर गए। अंदर व्यवस्था कर रहे आयोजकों ने रंजीत को पहले बुद्ध प्रार्थना करने की बात कहकर माल्यार्पण करने से रोक दिया। इस बात पर चेयरमैन का बेटा रंजीत और उसके समर्थक भड़क गए। उन्होंने अपने पास ज्यादा समय न होने की बात कहते हुए जबरन अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दिया।

