Dailynews

नौकरी करने वालों के लिए बड़ा ऐलान, EPF का आ गया अपडेट

नोएडा: अगर आप किसी कंपनी में काम करते हैं या किसी कम्पनी के मालिक हैं और अभी तक इन बातों को अनदेखा कर रहे हैं या कम्पनी मालिक आपको परेशान कर रहा है, तो ये खबर आपके लिए है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के क्षेत्रीय कार्यालय ने नियोक्ताओं से कर्मचारी नामांकन अभियान (EEC- 2026), विश्वास योजना-2026 और एमनेस्टी योजना -2026 का लाभ उठाने की अपील की है.

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त वैभव सिंह ने कहा कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना और नियोक्ताओं के लिए अनुपालन प्रक्रिया को सरल बनाना है. इसके साथ ही EPFO 3.0 और CITES जैसी डिजिटल सुविधाओं के जरिए सदस्यों और नियोक्ताओं को तेज, पारदर्शी और आसान सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है.

इस तारीख तक उठा सकते हैं लाभ
लोकल 18 से बात करते हुए वैभव सिंह ने बताया कि कर्मचारी नामांकन अभियान (EEC-2026) के तहत ऐसे पात्र कर्मचारियों का EPF योजना में पंजीकरण कराया जा सकेगा, जो किसी कारणवश अब तक इससे नहीं जुड़ पाए हैं. इससे कर्मचारियों को भविष्य निधि और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा. वहीं विश्वास योजना-2026 के तहत भविष्य निधि अंशदान के विलंबित भुगतान से जुड़े मामलों के जल्द निस्तारण और निर्धारित शर्तों के अनुसार क्षतिपूर्ति (Damages) में राहत का प्रावधान किया गया है. यह योजना 29 जून से 28 दिसंबर तक लागू रहेगी.

इसके अलावा एमनेस्टी योजना-2026 का लाभ उन प्रतिष्ठानों को मिल सकेगा, जो Exempted PF Trust संचालित कर रहे हैं, लेकिन उनकी अनुपालन प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि EPFO 3.0 और CITES (Centralised IT Enabled Services) के माध्यम से PF से जुड़ी सेवाओं को पहले के मुकाबले अधिक डिजिटल और सुविधाजनक बनाया गया है. अब सदस्य नौकरी बदलने या बेरोजगारी की स्थिति में अपने PF खाते से 75 प्रतिशत राशि निकाल सकते हैं. इसके अलावा देश के किसी भी EPFO कार्यालय में फिजिकल क्लेम जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध है. एडवांस क्लेम के नियमों को भी आसान बनाया गया है. सदस्य 12 महीने की सेवा पूरी करने के बाद पात्र शेष राशि का 100 प्रतिशत तक एडवांस प्राप्त कर सकते हैं. घर बैठे ऑनलाइन चेक करें पूरी जानकारी
वैभव सिंह ने बताया कि EPF के लाभार्थियों को बीमारी, शिक्षा, विवाह, आवास और अन्य विशेष परिस्थितियों के लिए भी निर्धारित नियमों के तहत एडवांस क्लेम की सुविधा दी जा रही है. EPFO के क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेनो की ओर से वित्तीय वर्ष 2025 -26 के लिए 8.25 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर के आधार पर करीब 6,000 प्रतिष्ठानों से जुड़े 25,08,235 सदस्यों के PF खातों का सालाना अपडेट पूरा कर लिया गया है.

अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित सदस्यों के खातों में ब्याज की राशि भी जमा कर दी गई है. सदस्य अब EPFO Member Portal और UMANG ऐप के माध्यम से अपने PF खाते का बैलेंस और ब्याज से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं. इससे कर्मचारियों को अपने PF खाते की स्थिति जानने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी.

ऑटो क्लेम सेटलमेंट 1 लाख से 5 लाख
EPFO ने ऑटो क्लेम सेटलमेंट की सुविधा को भी और आसान बनाया है. इसके तहत ऑटो क्लेम सेटलमेंट की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है. अधिकारियों के अनुसार, पात्र दावों का निस्तारण बिना हस्तक्षेप के सामान्य तौर पर 72 घंटे के भीतर किया जा रहा है. इसके अलावा PF दावों पर अंतिम अनुमोदन की तारीख तक ब्याज दिए जाने की व्यवस्था भी की गई है. इससे दावा प्रक्रिया पूरी होने तक सदस्यों को उनके PF पर मिलने वाले ब्याज का लाभ मिलता रहेगा.

तय समय सीमा में लाभ उठाने की अपील
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त वैभव सिंह ने कहा कि 1 जुलाई 2026 से लागू नई EPF, EPS और EDLI योजनाएं कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने सभी नियोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में EPF से जुड़ी व्यवस्था की जांच करें और पात्र कर्मचारियों को इसका लाभ दिलाएं. साथ ही EEC-2026, विश्वास योजना और एमनेस्टी योजना का तय समय सीमा में लाभ उठाएं. इन योजनाओं से नियोक्ताओं को अपनी कमियां दूर करने और कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाने में मदद मिलेगी.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *