45 डिग्री की धूप में भी घर रहेगा ठंडा , अपनाएं 5 देसी जुगाड़
Smart Ways to Keep House Cool: गर्मियों के मौसम में घरों की छत और दीवार पर तेज धूप पड़ती है. इससे घर में गर्मी बढ़ जाती है और लोगों के लिए रहना मुश्किल हो जाता है. गर्मी से राहत पाने के लिए लोग कूलर और एसी का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि जैसे ही ये चीजें बंद होती हैं, वैसे ही गर्मी से बुरा हाल हो जाता है. एसी और कूलर हर किसी के लिए संभव नहीं होते, ऐसे में पुराने देसी जुगाड़ आज भी बेहद काम आते हैं. ये तरीके न सिर्फ सस्ते होते हैं, बल्कि काफी असरदार भी साबित होते हैं. आपको ऐसे 5 आसान उपाय बता रहे हैं, जिनसे आपका घर गर्मी में भी ठंडा रह सकता है.
गर्मी में घर को ठंडा रखने के 5 तरीके
गर्मी में घर को ठंडा रखने के लिए छत पर पानी का छिड़काव करना चाहिए. दिन में 2 से 3 बार छत पर पानी डालने से उसकी गर्मी काफी हद तक कम हो जाती है और नीचे के कमरों में ठंडक बनी रहती है. शाम के वक्त पानी डालेंगे, तो इससे रात चैन से कटेगी और घर में गर्मी कम हो जाएगी. यह एक बेहद पुराना और आजमाया हुआ तरीका है, जो आज भी उतना ही कारगर है.
छत पर सफेद पेंट या चूने की पुताई करवाने से भी गर्मी से राहत मिल सकती है. सफेद रंग सूरज की किरणों को रिफ्लेक्ट करता है, जिससे छत कम गर्म होती है. कई लोग कूल रूफ कोटिंग भी इस्तेमाल करते हैं, जो इसी सिद्धांत पर काम करती है और घर के तापमान को 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकती है. इससे गर्मी से राहत मिल सकती है.
अगर आपका घर गर्म रहता है, तो उसे नेचुरल तरीके से ठंडा करने के लिए खिड़कियों और दरवाजों पर गीले पर्दे लगा सकते हैं. जब हवा इन गीले पर्दों से होकर गुजरती है, तो वह ठंडी हो जाती है और कमरे का तापमान कम हो जाता है. यह बिल्कुल देसी कूलर की तरह काम करता है और बिजली की भी जरूरत नहीं पड़ती है. यह भी गर्मी से निजात पाने का आसान तरीका है.
घर के अंदर पौधे लगाने से भी आपको गर्मी से राहत मिल सकती है. इनडोर प्लांट न सिर्फ हवा को शुद्ध करते हैं, बल्कि आसपास का तापमान भी कम करते हैं. बालकनी या खिड़की के पास पौधे रखने से घर में ठंडक का एहसास बना रहता है. अगर आप बिना ज्यादा खर्च किए गर्मी से राहत पाना चाहते हैं, तो यह देसी जुगाड़ आपके बहुत काम आ सकता है.
दिन के समय खिड़कियां और दरवाजे बंद रखना और शाम को खोलना गर्मी से राहत पाने का एक अनोखा तरीका है. दरअसल दोपहर की गर्म हवा को अंदर आने से रोकना जरूरी है. वहीं शाम के समय ठंडी हवा को घर में आने देने से वातावरण काफी आरामदायक हो जाता है. थोड़ी सी समझदारी और सही तरीके अपनाकर आप गर्मी में भी अपने घर को ठंडा बना सकते हैं.

